
जीरकपुर। हीरा कारोबार के नाम पर एक करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस संगठित गिरोह का नेटवर्क दुबई तक फैला हुआ है। जीरकपुर थाना पुलिस ने लंबी जांच के बाद दुबई और भारत में सक्रिय बताए जा रहे वरम एक्सपोर्ट्स कंपनी से जुड़े कई आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले संगठित आर्थिक अपराध गिरोह की अब पुलिस परतें खोलेगी। ढकोली स्थित मोतिया हाइट्स में रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी रमेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ा दी है।वर्ष 2023 में रियल एस्टेट व्यवसाय के दौरान रमेश की मुलाकात सोनू चौहान नामक महिला से हुई। सोनू ने खुद को पंजाब में वरम एक्सपोर्ट्स की प्रतिनिधि बताया और कंपनी के निदेशक बताए जा रहे अंकुश शर्मा, उनकी पत्नी उमा शर्मा, रमेश किरुबलानी और राम प्रवीण कंगराज से रमेश व उसके सहयोगियों की मुलाकात करवाई।

























