
चिरमिरी। अहिंषा चौक काली बाड़ी से होते हुए बड़ीबाजार जाने वाली मुख्य सडक़ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सडक़ के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है, इसके बावजूद नगर निगम और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी अब तक गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। नागरिकों के अनुसार सडक़ निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी पहले दी जा चुकी है, लेकिन उसके बाद भी काम शुरू नहीं हुआ । ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर देरी क्यों हो रही है और कब तक लोगों को इस जर्जर सडक़ से गुजरना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों ने महापौर और एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र के सीजीएम से जल्द से जल्द सडक़ निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

























