सोनहत विकासखंड की 42 ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितताओं पर पंच संघ का आक्रोश

कोरिया बैकुंठपुर। सोनहत विकासखंड अंतर्गत आने वाली सभी 42 ग्राम पंचायतों में विगत लंबे समय से कथित रूप से मनमानी वित्तीय अनियमितताएँ एक प्रथा का रूप ले चुकी हैं। इस स्थिति को लेकर पंच संघ ने गहरी नाराजगी एवं कड़ी आपत्ति व्यक्त की है। पंच संघ का आरोप है कि ग्राम पंचायतों द्वारा पंचायत की शासकीय राशि का आहरण पूरी तरह मनमाने ढंग से किया जा रहा है, जिसमें न तो पंचायत के पंचों की सहमति ली जाती है और न ही उन्हें किसी प्रकार की पूर्व जानकारी दी जाती है। पंच संघ के अनुसार, चेक के साथ संलग्न प्रस्तावों में किसी भी पंच के हस्ताक्षर कभी भी नहीं कराए जाते। राशि का आहरण पहले कर लिया जाता है और उसके बाद औपचारिकता निभाने के लिए ग्राम सभा अथवा पंचायत बैठक के प्रस्ताव रजिस्टर में बाद की तिथि में प्रस्ताव दर्ज कर दिए जाते हैं, जो कि पंचायत अधिनियम एवं वित्तीय नियमों का खुला उल्लंघन है। हाल ही में 4 एवं 5 फरवरी को संपन्न हुए एक कार्यक्रम के लिए कई ग्राम पंचायतों द्वारा मोटी रकम आहरित किए जाने का मामला सामने आया है। पंच संघ का कहना है कि इस राशि आहरण के संबंध में न तो किसी पंचायत में विधिवत प्रस्ताव पारित किया गया और न ही किसी पंच को इसकी जानकारी दी गई। इससे पंचायत व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पंच संघ ने इस प्रकार की वित्तीय अनियमितताओं को गंभीर विषय बताते हुए संबंधित ग्राम पंचायतों के मनमाने कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा की है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र ही इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वह रणनीति तैयार कर आंदोलनात्मक कदम उठाएगा। साथ ही, पंच संघ ने दोषी पंचायत प्रतिनिधियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध शक्त एवं दंडात्मक कार्यवाही की मांग प्रशासन से करने की बात कही है।

RO No. 13467/10