
जांजगीर-चांपा। जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने ट्रांसफार्मर और केबल वायर चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में बिलासपुर क्षेत्र के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 17 लाख 30 हजार रुपये का चोरी का सामान जब्त किया गया है। यह गिरोह चोरी के लिए बोलेरो वाहन को एंबुलेंस बनाकर इस्तेमाल करता था।
आरोपी इतने शातिर थे कि वे चोरी के लिए एंबुलेंस लिखी गाड़ी का इस्तेमाल करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। वे पहले खराब ट्रांसफार्मर और केबल की रेकी करते थे, मोबाइल से फोटो खींचकर अपने साथियों को भेजते थे। इसके बाद रात में पिकअप वाहन और एंबुलेंस लिखी बोलेरो से ट्रांसफार्मर और केबल चोरी कर ले जाते थे।
शिवरीनारायण थाना में कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दुरपा गांव में 13-14 जनवरी की रात ट्रांसफार्मर से करीब 230 किलो कॉपर वायर चोरी हो गया। इसके बाद 22 जनवरी को लोहर्सी गांव में लगे ट्रांसफार्मर से 200 किलो कॉपर तार चोरी की एक और शिकायत मिली।




















