
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा में अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर ग्राम कोटगढ़ के पास सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच कोयले से लदे तीन ट्रेलर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देखते ही देखते तीनों वाहनों में आग भड़क उठी। इस भयावह हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक ये भीषण सड़क हादसा अकलतरा थाना क्षेत्र में घटित हुआ। बताया जा रहा है कि आज तड़के इस सड़क दुर्घटना में तीनों ट्रेलर तेज रफ्तार में थे। आशंका जताई जा रही है कि सामने से आ रहे वाहन को बचाने या अचानक ब्रेक लगने के कारण यह हादसा घटित हुआ। टक्कर के बाद ट्रेलरों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और केबिन में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल चालक को जलते हुए ट्रेलर के केबिन से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं एक चालक केबिन में ही फंस गया, जिससे उसकी जिंदा जलकर मौत हो गयी। तीसरे चालक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अकलतरा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान अकलतरा-बलौदा मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




















