प्राइवेट जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हादसे में 2 लोग घायल

Vijayapura: कर्नाटक के विजयपुरा जिले में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ जब रेड बर्ड एविएशन का एक निजी ट्रेनिंग विमान बाबलेश्वर तालुक के मंगलूर गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हल्का विमान पायलट ट्रेनिंग के उद्देश्य से उड़ान पर था और कलबुर्गी से बेलगावी की ओर जा रहा था. शुरूआती जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई. इसके बाद पायलट विमान पर नियंत्रण खो बैठे और विमान जमीन पर गिर पड़ा. हादसे के समय विमान में दो लोग सवार थे, जिनकी पहचान कैप्टन और एक ट्रेनी पायलट के रूप में हुई है.
दुर्घटना होते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी. बाबलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया. दोनों घायल पायलटों को 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति पर अस्पताल की ओर से निगरानी रखी जा रही है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह विमान रेड बर्ड एविएशन कंपनी का था और ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. शुरुआती जांच में हादसे की वजह इंजन की तकनीकी खराबी सामने आई है, लेकिन दुर्घटना के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा.

RO No. 13467/10