
नई दिल्ली। वेनेजुएला के विपक्षी नेता जुआन पाब्लो गुआनिपा को रविवार को जेल से रिहा कर दिया गया है। वेनेजुएला पर राजनीतिक कैदियों को रिहा करने के लिए अमेरिका के दबाव के बाद गुआनिपा की रिहाई हुई है। मानवाधिकार समूह फोरो पेनाल का कहना है कि सरकार ने आठ जनवरी से अब तक 383 राजनीतिक कैदियों को रिहा किया है। गुआनिपा वेनेजुएला में प्रसिद्ध राजनेता हैं। वह नोबेल शांति पुरस्कार विजेता तथा विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो के करीबी सहयोगी हैं।
उन्हें मई 2025 में आतंकी साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उनके परिवार ने इन आरोपों का खंडन किया है। रिहाई के बाद गुआनिपा ने कहा, लगभग नौ महीने हिरासत में बिताए। वेनेजुएला के वर्तमान और भविष्य के बारे में बहुत कुछ कहना है।
राजनीतिक कैदियों की रिहाई की मांग
मचाडो ने एक्स पर बयान जारी कर गुआनिपा की रिहाई पर खुशी जताई और सभी राजनीतिक कैदियों की रिहाई की मांग की है। वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में सैकड़ों कैदियों के लिए प्रस्तावित ”आम माफी कानून” की घोषणा की है और कहा कि काराकास में कुख्यात हेलिकोइड डिटेंशन सेंटर को खेल और सामाजिक सेवाओं के केंद्र में बदल दिया जाएगा।

























