
कानपुर, 0९ फरवरी ।
कानपुर में तंबाकू कारोबारी के बेटे ने लेम्बोर्गिनी कार से 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। एक बुलेट सवार को टक्कर मारी तो वह हवा में उछलकर 10 फीट दूर जा गिरा। इसके बाद लेम्बोर्गिनी बुलेट के ऊपर ही चढ़ गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार को घेर लिया। भीड़ को देखकर कारोबारी का बेटा कार के अंदर ही दुबक गया। उसके बाउंसरों ने लोगों के साथ हंगामा किया। धक्का देकर लोगों को भगाने का प्रयास किया। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और कार को थाने ले आई। थाने में भी पीडि़तों से कारोबारी के बाउंसरों ने अभद्रता की। इसके बाद लोगों ने थाने में जमकर हंगामा किया। वहीं, कारोबारी के बेटे और अन्य घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला ग्वाल टोली थाना क्षेत्र का है। केके मिश्रा तंबाकू कारोबारी हैं। दोपहर करीब 3.15 बजे उनका बेटा शिवम मिश्रा ङ्कढ्ढक्क रोड पर अपनी लेम्बोर्गिनी कार से तेज रफ्तार जा रहा था। रेव-3 के पास कार बेकाबू हो गई। कार ने सडक़ किनारे खड़े वाहन चालकों समेत 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। एक बुलेट सवार को इतनी तेज टक्कर मारी कि वह सडक़ पर उछलकर जा गिरा। इसके बाद कार बुलेट के आगे वाले पहिए पर चढ़ गई। इसका पता चलते ही ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंची। कारोबारी के बेटे को भीड़ से सुरक्षित निकाला। साथ ही घायलों और उद्योगपति के बेटे को अस्पताल ले गई। पुलिस गाड़ी को थाने लेकर पहुंची। इस दौरान भीड़ भी थाने पहुंच गई। रसूखदार और बड़े परिवार का मामला होने के चलते कार को थाने के भीतर सुरक्षित रखा गया। इस दौरान उद्योगपति के बाउंसर ने वहां मौजूद लोगों से अभद्रता की। इस पर भीड़ ने हंगामा कर दिया।




























