
पटना। बिहार में अनुष्का यादव और लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दावा किया जा रहा है कि अनुष्का यादव तेजप्रताप के बच्चे की मां बनने वाली हैं। इन दावों को तेजप्रताप ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह संजय यादव, मुकेश रोशन और इन सभी जयचंदों की मिलीभगत से उन्हें बदनाम करने की साजि़श है, जिससे वो डिप्रशन में हैं। उन्होंने एक नया खुलासा करते हुए कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए कि आकाश भाटी कौन है, जिसका उस लडक़ी से रिश्ता है। यह जांच तो होना चाहिए कि उस लडक़ी का उससे किस तरह का रिश्ता है। यह आकाश भाटी बताएगा, जो गोला रोड में रहता है। तेजप्रताप ने दावा किया कि अनुष्का के पेट में आकाश का बच्चा है और हमें बदनाम किया जा रहा है। उनकी नजर हमारी संपत्ति पर है। इसलिए षडयंत्र रचकर हमें फंसाया जा रहा है। हमें पहले परिवार और पार्टी से अलग किया। अब हम अलग काम कर रहें हैं, फिर भी बदनाम किया जा रहा है। इससे हम परेशान हो चुके हैं। अब वह इस मामले को कोर्ट लेकर जाएंगे। तेजप्रताप ने आरोप लगाया कि संजय यादव, मुकेश रोशन, शक्ति सिंह और सुनील सिंह सभी जयचंद हैं, यह सब उनका खेल है, हमारे खिलाफ साजि़श रचने का। हमारी लोकप्रियता को देखते हुए, हमारे ऊपर कीचड़ उछाला जा रहा है। तेजप्रताप का राष्ट्रीय जनता दल और लालू परिवार से निकालने की वजह अनुष्का यादव ही थीं।
तेजप्रताप के सोशल मीडिया हैंडल से एक फोटो पोस्ट हुई थी, जिसमें उन्होंने अपने प्रेम संबंध के बारे में खुलासा किया था। हालांकि कुछ ही घंटों बाद उस तस्वीर को डिलीट कर दिया गया और तेज प्रताप ने कहा कि उनका अकाउंट हैक कर लिया गया था।लालू यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर लिखा था कि तेजप्रताप की गतिविधि, लोक आचरण और गैऱ जि़म्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। इसके बाद उन्हें पार्टी और परिवार दोनों से बाहर कर दिया गया था। लालू यादव ने लिखा था, तेजप्रताप को पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया जाता है।




























