भारत और ग्रीस ने रक्षा औद्योगिक सहयोग के संयुक्त घोषणा पत्र को दी मंजूरी

नईदिल्ली, १० फरवरी ।
भारत और ग्रीस ने देशों के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए एक संयुक्त घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए, जो साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए पांच वर्षीय रोडमैप विकसित करने का एक प्रारंभिक बिंदु है। यह समझौता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा यहां मानेकशा सेंटर में ग्रीक गणराज्य के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री निकोलाओस-जार्जियस डेंडियास के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद किया गया। राजनाथ सिंह ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में ग्रीक पक्ष से इस घोषणा का स्वागत किया कि उस देश का एक अंतरराष्ट्रीय समन्वय अधिकारी सूचना फ्यूजन सेंटर-भारतीय महासागर क्षेत्र (आईएफसी-आईओआर), गुरुग्राम में तैनात किया जाएगा, ताकि दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को बढ़ाया जा सके। सिंह ने कहा, आज नई दिल्ली में ग्रीक गणराज्य के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री श्री निकोलाओस-जार्जियस डेंडियास से मिलकर खुशी हुई। भारत और ग्रीस ने द्विपक्षीय रक्षा औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए संयुक्त घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए और वर्ष 2026 के लिए द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का आदान-प्रदान किया। बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने दोहराया कि भारत-ग्रीस रणनीतिक साझेदारी शांति, स्थिरता, स्वतंत्रता और आपसी सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों ने आत्मनिर्भर भारत और एजेंडा 2030 के तहत ग्रीक रक्षा सुधारों के बीच साझेदारी के माध्यम से अपने स्वदेशी रक्षा उद्योगों की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया।
मंत्रालय ने कहा,भारत और ग्रीस के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए एक संयुक्त घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए गए, जो पांच वर्षीय रोडमैप विकसित करने का एक प्रारंभिक बिंदु है।दोनों मंत्रियों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और अपने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और रणनीतिक संबंधों की गहराई को स्वीकार किया। वर्ष 2026 के लिए एक द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का भी आदान-प्रदान किया गया, जो दोनों देशों की सशस्त्र सेनाओं के बीच सैन्य संबंधों का मार्ग प्रशस्त करती है। दोनों प्राचीन समुद्री देशों के बीच विभिन्न प्रमुख समुद्री मुद्दों पर एकजुटता को भी उजागर किया गया।

RO No. 13467/10