अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर

कोरिया बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय में लंबे समय से अवैध अतिक्रमण और बेतरतीब ढंग से लगाए गए होर्डिंग, पोस्टर और बैनरों के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विद्युत पोलों, सार्वजनिक स्थलों, पेड़ों और सडक़ों के किनारे लगाए गए प्रचार सामग्री न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहे थे, बल्कि यातायात व्यवस्था को भी बाधित कर रहे थे। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदार बैकुंठपुर के मार्गदर्शन में तथा नगर पालिका परिषद के सहयोग से नगर पालिका क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और व्यस्त इलाकों में लगे अवैध होर्डिंग, पोस्टर और बैनरों को हटाया। इसके साथ ही पेड़ों पर लगाए गए बैनर-पोस्टर भी हटाए गए, जो पर्यावरण की दृष्टि से भी नुकसानदायक थे। कार्रवाई के दौरान सडक़ किनारे पानी लगाकर अथवा अस्थायी ढंग से संचालित की जा रही अवैध दुकानों को भी हटाया गया। इन दुकानों के कारण सडक़ों की चौड़ाई कम हो जाती थी, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में ट्रैफिक जाम एक सामान्य समस्या बन चुकी थी। खासकर कार्यालय समय, स्कूल खुलने और बंद होने के दौरान तथा बाजार के व्यस्त घंटों में वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी कई बार जाम में फंसना पड़ता था। प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है।
कार्रवाई के बाद आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। वाहन चालकों का कहना है कि सडक़ों के किनारे से अतिक्रमण हटने के बाद आवाजाही पहले की तुलना में सुगम हो गई है। वहीं, पैदल चलने वालों के लिए भी फुटपाथ और सडक़ किनारे चलना अब अपेक्षाकृत सुरक्षित हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से की जाए तो शहर की यातायात और स्वच्छता व्यवस्था में स्थायी सुधार संभव है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से होर्डिंग, पोस्टर और बैनर लगाना नियमों के विरुद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका से यह अभियान सफल रहा। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के हित में यह आवश्यक है कि समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी जाए। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि शहर की छवि भी बेहतर होगी। प्रशासन की इस पहल को जनहित में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में बैकुंठपुर को अधिक सुव्यवस्थित और सुगम शहर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

RO No. 13467/10