मेले में बड़ा हादसा: आकाश झूला टूटकर गिरा, दो युवतियां गंभीर रूप से घायल

जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण में आयोजित प्रसिद्ध मेले में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नगर पंचायत कार्यालय के सामने लगे आकाश झूले में बड़ा हादसा हो गया। यह घटना करीब शाम 4 बजे की बताई जा रही है। नगर पंचायत के सामने उमेश गुप्ता द्वारा संचालित आकाश झूला अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम मल्दा निवासी दो युवतियां मेला देखने पहुंची थीं। दोनों युवतियां मिला ग्राउंड में झूले के नीचे खड़ी थीं, तभी अचानक आकाश झूले का एक हिस्सा टूटकर उनके ऊपर आ गिरा। हादसा इतना अचानक था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों युवतियां झूले के नीचे दब गईं। घटना के बाद मेले में भारी भीड़ जमा थी, जिससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच लोगों ने किसी तरह घायल युवतियों को बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस की मदद से शिवरीनारायण के शबरी अस्पताल पहुंचाया गया। घायल युवतियों की पहचान चंद्रकांत कश्यप (उम्र 15 वर्ष) और भूमिका कश्यप (उम्र 21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मल्दा के रूप में हुई है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, चंद्रकांत कश्यप को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि भूमिका कश्यप की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने भूमिका कश्यप को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया है।

RO No. 13467/10