पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ बॉयकॉट पर क्यों मारा यू-टर्न? ICC और PCB के बीच हुई बड़ी सांठगांठ

नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप में भारत के विरुद्ध मैच का बहिष्कार करने की घोषणा के बाद जिस तरह रविवार को पाकिस्तान ने यूटर्न लिया है, उससे क्रिकेट जगत में उसकी छवि को करारा झटका लगा है। वहीं आईसीसी के मौजूदा चेयरमैन व बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह ने जिस तरह इस मामले को संभाला और पाकिस्तान को झुकने पर मजबूर किया उसकी काफी प्रशंसा हो रही है।

बांग्लादेश टीम को टी-20 विश्व कप से बाहर करने के बाद उसके समर्थन में पाकिस्तान ने भारत से मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की थी। पीसीबी ने इसको लेकर आईसीसी के आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी थी, जिससे इस हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी। इसके बाद आईसीसी ने अपने उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा को बातचीत के लाहौर भेजा, जहां बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम व अन्य बोर्डों के सदस्य भी मौजूद थे।

पाकिस्तान ने रखी थी कई मांगे

ख्वाजा ने पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी व अन्य बोर्ड के साथ बैठक की, जिसमें पीसीबी ने आईसीसी के सामने कई मांगे रखी थीं लेकिन आईसीसी उसके दबाव में नहीं आया और केवल कुछ ही मागों पर सहमति बनी। इनमें बांग्लादेश पर किसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने और उसे 2028-31 चक्र में आईसीसी अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी देने पर सहमति बनी।

इसके बाद बीसीबी ने पीसीबी से बहिष्कार वापस लेने की अपील की और रात में यह तय हो गया कि पाकिस्तान भारत के साथ विश्व कप में खेलेगा लेकिन इस यूटर्न ने वैश्विक स्तर पर उसकी छवि को नुकसान पहुंचाया है। जानकारों के अनुसार, पाकिस्तान ने बेवजह ये विवाद पैदा किया और फिर यूटर्न लेकर अपनी और सरकार की फजीहत कराई। पीसीबी पहले भी कई बार अपने बयान से पलट चुका है। वहीं, विवाद सुलझने के बाद बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंगलवार को जय शाह की प्रशंसा करते हुए कहा कि आईसीसी ने बहुत अच्छा समाधान निकाला।

RO No. 13467/10