
नई दिल्ली। नौ करोड़ के चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट मामले में तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता एवं मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव की मदद के लिए बॉलीवुड स्टार सलमान खान, अजय देवगन, फिल्म निर्माता डेविड धवन और उनके अभिनेता-पुत्र वरुण धवन समेत कई हस्तियों ने और हाथ बढ़ाए हैं।
उधर, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (एफडब्ल्यूआइसीई) ने भी फिल्म और टीवी उद्योग से जुड़े लोगों से अपील की है कि जीवन के इस कठिन दौर में वह अभिनेता की मदद करें। बीते रोज अभिनेता सोनू सूद, जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह, तेज प्रताप यादव समेत कई लोग उनकी मदद को आगे आए थे। राजपाल यादव के 25 वर्षों से मैनेजर रहे गोल्डी जैन ने कहा कि प्रमुख अभिनेताओं से लेकर निर्देशकों और निर्माताओं तक कई हस्तियों ने अभिनेता की सहायता की पेशकश की है।
राजपाल की जमानत पर सुनवाई
गोल्डी ने कहा, ‘ कई लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं। सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन जैसे अभिनेता उनकी वित्तीय मदद के लिए खड़े हुए हैं। वे सभी राजपाल भाई के शुभचिंतक हैं।’ उन्होंने कहा कि जमानत पर गुरुवार को सुनवाई है और अगर सब ठीक रहा तो हम संवाददाता सम्मेलन करेंगे। गायक मीका सिंह ने भी अभिनेता को 11 लाख की मदद देने का एलान किया। कहा-‘ राजपाल जी, मैं आपके साथ खड़ा हूं। आपने सबको हंसाया है और अब हमारी बारी है। मैं फिल्म इंडस्ट्री से अपील करता हूं कि सब मिलकर मदद करें। हम एक परिवार हैं।




























