
नई दिल्ली। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने द्रमुक और कांग्रेस के बीच किसी तरह की दरार की खबरों को बेबुनियाद बताते हुए बुधवार को कहा कि गठबंधन पूरी तरह से कायम है।
स्टालिन ने कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं द्वारा उठाए जा रहे संभावित गठबंधन सरकार के सवाल को भी खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भ्रम नहीं है। सरकार में सत्ता को साझा करना तमिलनाडु को नहीं भाता है। कांग्रेस इस बात को भली भांति जानती है।
द्रमुक अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम में कहा कि कुछ लोग केवल गठबंधन में फूट डालने के लिए सत्ता-साझा करने का मुद्दा उठा रहे हैं। यह चाल काम नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में भ्रम की अफवाहें जानबूझकर फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रति अपने व्यक्तिगत संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘मैं उन्हें भाई मानता हूं और वह भी मुझे उसी नजर से देखते हैं।’


























