
जांजगीर। राहौद नगर पंचायत के मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बिलारी चौक से बस स्टैंड रोड तक सडक़ किनारे बनी नालियों पर व्यापारियों द्वारा किए गए कब्जे के कारण आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
दुकानदारों ने अपनी दुकानों का आगे का हिस्सा बढ़ाकर नालियों के ऊपर सामान सजाना शुरू कर दिया है, जिससे सडक़ की चौड़ाई कम हो गई है और यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र पहले ही संकरा है। ऐसे में नालियों पर बढ़ते अतिक्रमण के चलते पैदल चलने वालों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बची है। भीड़भाड़ के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोग अपनी दोपहिया और चारपहिया वाहन सडक़ पर ही खड़ी कर देते हैं, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है।
बेतरतीब पार्किंग के कारण कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है। राहगीरों, बुजुर्गों और महिलाओं को सडक़ पार करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों के लिए तो स्थिति और भी जोखिम भरी बन गई है। तेज रफ्तार वाहनों और सडक़ पर खड़े वाहनों के बीच से निकलना खतरे से कम नहीं है। नागरिकों का कहना है कि यदि स्थिति पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही अनियंत्रित पार्किंग पर सख्ती बरती जाए।






















