
रांची १२ फरवरी ।
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में कल देर रात एक तेज रफ्तार और बेकाबू एसयूवी ने छह लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 40 साल के धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने थार चला रहे व्यक्ति की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए बुधवार रात से ही छापेमारी चल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साउथ रेलवे कॉलोनी के दुर्गा मंदिर के पास एक गृह प्रवेश कार्यक्रम से खाना खाकर कुछ लोग बाहर निकले थे और सडक़ किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी रेलवे स्टेशन की ओर से तेज रफ्तार में आई थार ने अपना संतुलन खो दिया और सामने खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि वाहन डोरंडा की ओर भागा था। चुटिया थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्टेशन रोड, नेपाल हाउस और दूसरे प्रमुख रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है।
इसके साथ ही शहर के कई इलाकों में वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।























