
बम्हनीडीह. नगर पंचायत बम्हनीडीह में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिदार घाट मुक्तिधाम परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर के विभिन्न वार्डों में हरा एवं नीला डस्टबिन वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता देखने को मिली।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, कचरा पृथक्करण की आदत विकसित करना तथा बढ़ती गर्मी और पर्यावरण असंतुलन को देखते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना रहा। सिदार घाट मुक्तिधाम में लगाए गए पौधों के माध्यम से नगर पंचायत ने यह संदेश दिया कि अंतिम संस्कार स्थलों को भी हरित और स्वच्छ बनाया जाना आवश्यक है। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने स्वयं पौधारोपण कर लोगों को प्रेरित किया। उपस्थित नागरिकों ने भी पौधों की देखरेख का संकल्प भी लिया। मुक्तिधाम जैसे सार्वजनिक स्थलों पर हरियाली बढ़ाने से वातावरण शुद्ध होने के साथ-साथ क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि होगी। यह बात वक्ताओं ने विशेष रूप से रेखांकित की। कार्यक्रम में सक्ती जिला के पूर्व अध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और हर नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया ने बढ़ते तापमान और गर्मी की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पौधरोपण ही इसका स्थायी समाधान है। मंडल अध्यक्ष आशीष तिवारी ने स्वच्छता और हरियाली को नगर की पहचान बनाने की अपील करते हुए युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में गोकुल जायसवाल, आनंद अग्रवाल, पूर्व जनपद अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, रमेश डडसेना, पवन केसरवानी, भूपेंद्र डडसेना, मोहन डडसेना, अजय सराफ, प्रमोद सुहाने सहित मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पंचायत बम्हनीडीह उपस्थित रहे।

















