
हजारीबाग, १3 फरवरी ।
चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में गुरुवारदेर रात हाथियों के हमले से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। घटना रात लगभग एक से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पांच हाथियों का झुंड अचानक गांव में घुस आया। अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। हाथियों ने कच्चे मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और बाहर निकल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन झुंड काफी देर तक बस्ती के आसपास डटा रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी गई है तथा ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा और स्थायी समाधान की मांग की है। प्रशासन ने पीडि़त परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
मृतकों में एक परिवार के चार लोगों में सूरज भूइया (55) वर्ष उसकी पुतोहु सुमन देवी (25) वर्ष और दो मासूम बच्चे हैं। एक मृतक का नाम मंगरा भुईयां (58) वर्ष और धनेश्वर राम वर्ष के करीब बताया गया। सूचना मिलते ही दारू और चरही वन विभाग की टीम रात में ही घटनास्थल पर पहुंची। यह इलाका दारू वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। दारू वन विभाग के फॉरेस्टर मुकेश कुमार ने बताया कि विभागीय टीम पुन: पहुंचकर तत्काल मुआवजा प्रक्रिया शुरू करेगी और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का झुंड इन दिनों काफी उग्र है और करगी जंगल के आसपास देखा गया है।


















