
मनेन्द्रगढ़। वन मण्डल में नवपदस्थ जिला वन अधिकारी (डीएफओ) चंद्रकुमार अग्रवाल से शुक्रवार को छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर संघ की ओर से नवपदस्थ डीएफओ का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें नवीन पदभार के लिये शुभकामनाएं दी गईं। चंद्रकुमार अग्रवाल भारतीय वन सेवा के वर्ष 2022 बैच के अधिकारी हैं। मनेन्द्रगढ़ वनमण्डल का कार्यभार संभालने से पूर्व वे बिलासपुर में जिला वन अधिकारी (अनुसंधान एवं विस्तार प्रभाग) के पद पर पदस्थ रहे जहाँ उनके कार्यकाल को अनुशासित प्रशासन, नवाचार और समन्वयपूर्ण कार्यशैली के लिये जाना जाता है। विभागीय सूत्रों के अनुसार श्री अग्रवाल एक सुलझे, संवेदनशील और कर्मठ अधिकारी माने जाते हैं। सौजन्य मुलाकात के दौरान वन कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने मनेन्द्रगढ़ वनमण्डल की भौगोलिक स्थिति, वन क्षेत्रों की संवेदनशीलता, कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों और जमीनी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं से डीएफओ को अवगत कराया साथ ही कर्मचारियों से जुड़ी लंबित मांगों, संसाधनों की उपलब्धता, सुरक्षा, पदोन्नति और कल्याणकारी विषयों पर भी चर्चा की गई। नवपदस्थ वनमंडलाधिकारी चंद्रकुमार अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और विभागीय कार्यों के साथ-साथ कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता दी जायेगी। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मनेन्द्रगढ़ वनमण्डल को एक आदर्श वनमण्डल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जायेगा। इस अवसर पर वन कर्मचारी संघ के उप प्रांताध्यक्ष भूपेंद्र यादव, प्रदेश महामंत्री तरुण रजक, जिला अध्यक्ष एमसीबी जगदेव सिंह, जिला महामंत्री रामायण तिवारी, जिला सचिव सोनू सिंह, विष्णुकांत तिवारी, अजय सिंह, मनोज सेन, अभ्यास सिंह, गणेश प्रजापति, बाबूराम सिंह कमरों, इंद्रकुमार बंजारे सहित वन कर्मचारी संघ के समस्त पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।























