
कोरिया। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व वित्त मंत्री स्वर्गीय डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव (कुमार साहब) की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा का आयोजन सादगीपूर्ण वातावरण में किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय सिंहदेव के योगदान को याद करते हुए उन्हें प्रदेश की राजनीति का एक सशक्त और जनप्रिय चेहरा बताया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. सिंहदेव ने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव पारदर्शिता, ईमानदारी और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने वित्त मंत्री के रूप में प्रदेश की आर्थिक नीतियों को सुदृढ़ बनाने तथा विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अशोक जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जनभावनाओं को समझने वाले संवेदनशील व्यक्तित्व थे। उन्होंने गरीबों, किसानों, मजदूरों और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। उनकी सादगी, सरलता और सहज व्यवहार ने उन्हें आम जनता के बीच अत्यंत लोकप्रिय बनाया। जायसवाल ने कहा कि उनके आदर्श और विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी कहा कि कुमार साहब ने राजनीति को सेवा का माध्यम माना। उन्होंने कभी पद को प्रतिष्ठा का साधन नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के रूप में देखा। उनके कार्यकाल में वित्तीय अनुशासन, विकासोन्मुख योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी गई, जिसका लाभ प्रदेश की जनता को मिला। उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता और जनहितकारी नीतियों के माध्यम से शासन को जनोन्मुखी बनाने का प्रयास किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर यह भी कहा गया कि स्वर्गीय डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव का योगदान प्रदेश के आर्थिक सुदृढ़ीकरण और समग्र विकास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा का प्रतीक है, जो आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। जयंती के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उनके आदर्शों को आत्मसात करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।























