
छत्तीसगढ़ से 88 का हुआ प्रतिनिधित्व
कोरबा। भारतीय मजदूर संघ का 21वां त्रैवार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन ओडिशा के जगन्नाथ पुरी में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में देशभर से आए प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए श्रमिक हितों से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दों पर व्यापक मंथन किया।
अधिवेशन में आगामी तीन वर्ष के नवीन अखिल भारतीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में अखिल भारतीय अध्यक्ष के रूप में एस मलेशम तेलंगाना, महामंत्री के रूप में सुरेन्द्र कुमार पांडेय छत्तीसगढ़ तथा संगठन मंत्री के रूप में बी सुरेंद्रन को दायित्व प्रदान किया गया।कोरबा से लक्ष्मण चंद्रा को राष्ट्रीय पर्यावरण मंच प्रभारी, भिलाई से दिनेश कुमार पाण्डेय तथा बिलासपुर के गिरजाशंकर आचार्य को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य, राधेश्याम जायसवाल को अखिल भारतीय मंत्री व विद्युत प्रभारी बनाया गया है। भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री व छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ के प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ ने बताया कि अधिवेशन में कोरबा के 16 और छत्तीसगढ़ प्रदेश से लगभग 88 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।अधिवेशन में राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका, बदलते औद्योगिक परिदृश्य, श्रम नीतियाँ, सामाजिक सुरक्षा तथा विभिन्न क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा की गई। विशेष रूप से विद्युत क्षेत्र से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श उपरांत 5 प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए ।
























