
अमृतसर, १५ फरवरी ।
श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे अमृतसर पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से करीब 1.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।जानकारी के अनुसार यात्री की पहचान सौरव कुमार पुत्र मुन्ना तांती निवासी मकान नंबर 2653, गली नंबर 5, मजीठा रोड, अमृतसर के रूप में हुई है। वह थाई लायन एयर की फ्लाइट नंबर स्रु 214 से बैंकॉक से अमृतसर पहुंचा था। एयरपोर्ट पर नियमित जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को उसके सामान पर शक हुआ।संदेह के आधार पर जब बैग की गहन तलाशी ली गई तो उसमें से विशेष तरीके से पैक किया गया हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे से अधिक महंगा और उच्च गुणवत्ता वाला माना जाता है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग है। कस्टम अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया और यात्री को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।एयरपोर्ट पर बढ़ती ड्रग तस्करी की घटनाओं को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। हालांकि कस्टम विभाग का कहना है कि लगातार सख्ती और आधुनिक स्कैनिंग तकनीक के कारण ऐसी कोशिशों को नाकाम किया जा रहा है।


















