
मनेन्द्रगढ़। आगामी हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देशानुसार मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली परिसर में डीजे एवं साउंड सिस्टम संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक ने स्पष्ट किया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। न्यायालय तथा कलेक्टर एवं दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेशों के परिपालन में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षाएं 20 फरवरी 2026 से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी। इसलिए इस अवधि में विशेष सतर्कता बरती जायेगी।
अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिये शांत वातावरण अत्यंत आवश्यक है। तेज ध्वनि से ना केवल पढ़ाई प्रभावित होती है बल्कि मानसिक तनाव भी बढ़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे रात 10 बजे तक अपने साउंड सिस्टम पूर्णत: बंद कर दें साथ ही निर्धारित ध्वनि स्तर का पालन सुनिश्चित करें और बिना अनुमति किसी भी कार्यक्रम में अत्यधिक साउंड का उपयोग ना करें। सिटी कोतवाली प्रभारी दीपेश सैनी ने उपस्थित संचालकों को समझाइश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर ध्वनि यंत्र जब्त करने, जुर्माना लगाने और वैधानिक कार्यवाही करने में संकोच नहीं किया जायेगा। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य हम सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में मौजूद डीजे एवं साउंड सिस्टम संचालकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि के दौरान नियमित गश्त और निगरानी की जायेगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या ध्वनि प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न ना हो। प्रशासन की इस पहल को अभिभावकों और विद्यार्थियों ने सकारात्मक कदम बताते हुए स्वागत किया है।

















