
जांजगीर-चांपा। शनिवार की दोपहर चांपा बस स्टैंड के पास बाइक डिवाइडर से टकरा गई। बाइक पर पिता-पुत्र सवार थे। दुर्घटना में पिता सरजू भैना की मौत हो गई, जबकि पुत्र आशीष गंभीर रूप से घायल है। ग्राम पचौरी निवासी सरजू भैना अपने पुत्र आशीष के साथ बाइक क्रमांक सीजी 11 बीए 2465 से महुदा में मेला देखने जा रहे थे। जैसे ही वे चांपा महाराणा बस स्टैंड के पास पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सडक़ किनारे खड़ी एक पिकअप वाहन से भी जा भिड़ी। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत चांपा के शासकीय बीडीएम अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद सरजू भैना को मृत घोषित कर दिया। पुत्र आशीष का इलाज अस्पताल में जारी है। गौरतलब है कि 10 फरवरी को भी चांपा के गौरव पथ, नगर पालिका कार्यालय के पास तेज रफ्तार तूफान सीजी 11 बीएम 5731 वाहन चालक ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 21 वर्षीय आकाश केशरवानी की मौत हो गई थी। लगातार हो रही सडक़ दुर्घटनाओं ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।



















