
बाहरी दिल्ली 15 फरवरी। बवाना में उद्यमी की गोली मारकर हत्या मामले में बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक शूटर को शनिवार की देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान अरुण ठाकुर उर्फ पागल के रूप में हुई है। नौ फरवरी को बवाना औद्योगिक क्षेत्र में एक उद्यमी को बाइक से आए चार बदमाशों ने दौड़ा-दौड़ा कर गोली मार दी थी। वारदात के बाद कुख्यात लारेंस बिश्नोई गिरोह के नाम से जुड़े रणदीप मलिक और अनिल पंडित ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
इंटरनेट मीडिया के जरिए यह दावा किया गया था कि एक कारोबारी से मांगे गए फिरौती मामले में बीच में आ रहा था।वारदात के बाद बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने कई विशेष टीमों का गठन कर आरोपितों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद शनिवार देर रात मुनक नहर के पास एक आरोपित की लोकेशन मिली। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपित को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपित ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए दो गोलियां चलाईं, जो आरोपित के पैर में लगी।
घायल हालत में आरोपित को काबू कर लिया गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सुरक्षा के बीच हिरासत में लिया गया।


















