
कोरबा । कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा मोहल्ला जंगलपारा में रविवार दोपहर एक 9 वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। बालक का नाम रोशन कंवर था। घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
रोशन कंवर कोथारी कचोरा का निवासी था। उसके पिता विष्णु कंवर मजदूरी और खेती का काम करते हैं। रोशन कुछ दिनों पहले तरदा आया हुआ था। रविवार दोपहर वह अपनी मामी और नानी के साथ नहाने गया था। नहाते समय रोशन ने कथित तौर पर कहा कि उसे तैरना आता है और वह अचानक तेज बहाव वाली नहर में कूद गया।तेज बहाव में बहा रोशन, बचाने की कोशिश नाकाममौजूद लोग उसे बहते हुए देखते रह गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि रोशन तुरंत आगे बह गया। लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए।घटना के बाद पुलिस ने बालक के शव की तलाश शुरू की। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद जांजगीर जिले के पंतोरा के पास उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आगे की कार्रवाई की।उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।घटनास्थल पर मृतक के माता-पिता और ग्रामीण भी पहुंचे। इस दुखद घटना से परिवार में शोक का माहौल है।





















