
बलरामपुर। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हंसपुर में अवैध उत्खनन की जांच के दौरान हुई कथित मारपीट की घटना ने गंभीर रूप ले लिया है। आरोप है कि प्रशासनिक टीम की कार्रवाई में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीएम करुण कुमार डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा अपनी टीम के साथ देर रात अवैध बॉक्साइट खनन की सूचना पर मौके के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में तीन ग्रामीणों को रोका गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बिना पर्याप्त पूछताछ के ही टीम द्वारा मारपीट की गई। घटना में घायल रामनरेश राम (62) की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई, जबकि अजीत उरांव और आकाश अगरिया का उपचार जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्दोष लोगों को संदेह के आधार पर निशाना बनाया गया, जिससे गांव में आक्रोश का माहौल है।














