
हसौद। सरसिवां थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव में सोमवार को दर्दनाक सडक़ हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
हसौद निवासी भीम पटेल अपने एक साथी के साथ पारिवारिक कार्यक्रम (दशगात्र) में शामिल होने गु?यारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक ने कथित रूप से गलत दिशा में आकर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भीम पटेल को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार लोगों समेत कुल तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए बिलाईगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही सरसिवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गलत साइड से वाहन चलाना हादसे का कारण बताया जा रहा है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।














