
कोरबा। ग्राम पंचायत झावर दीपक में संचालित नल-जल योजना के कार्यों में भारी गड़बड़ी और अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा मंडल दीपका के उपाध्यक्ष एवं पूर्व उपसरपंच ग्राम पंचायत झावर मुकेश जायसवाल ने कलेक्टर कोरबा को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया है कि ग्राम पंचायत झावर में नल-जल योजना के तहत नियुक्त ठेकेदार द्वारा कार्यों का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं किया गया है। योजना के अंतर्गत किए गए निर्माण कार्यों में जल्दबाजी और लापरवाही बरती गई, जिससे कई स्थानों पर पाइपलाइन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों को अब तक शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्य के दौरान सडक़ों को उखाडक़र क्षतिग्रस्त कर दिया गया, लेकिन उनकी समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करीब तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच सका है। मुकेश जायसवाल ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित विभाग से स्थलीय निरीक्षण एवं जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ ग्राम पंचायत झावर के नागरिकों को मिल सके।

















