एंट्री बंद हुई तो टूट गई उम्मीदें,मसौढ़ी में मैट्रिक परीक्षा से वंचित छात्रा ने की आत्महत्या

पटना, १८ फरवरी ।
बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा के दौरान एक दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। मसौढ़ी के खरजमा गांव की छात्रा ने परीक्षा केंद्र पर एंट्री नहीं मिलने के बाद आत्महत्या कर ली। वह निर्धारित समय से मात्र 10 मिनट देरी से पहुंची थी। केंद्र पर सुबह 9 बजे एंट्री बंद कर दी गई थी। छात्रा 9.10 बजे पहुंची, लेकिन गेट नहीं खुला। काफी अनुरोध के बावजूद उसे प्रवेश नहीं मिला। हताश होकर वह घर लौट गई। बताया गया कि कोमल की परीक्षा बरनी स्थित केंद्र पर थी। वह सोमवार को ही रिश्तेदार के यहां महाराजचक गई थी। केंद्र उसके ठहरने के स्थान से करीब 6 किलोमीटर दूर था।
एंट्री नहीं मिलने के बाद वह नदौल गई। वहां से ट्रेन में सवार हो गई। तरेगना और मसौढ़ी कोर्ट के बीच चलती ट्रेन से कूद गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना ने परीक्षा व्यवस्था और छात्रों के मानसिक दबाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार में मातम का माहौल है। स्थानीय लोग भी सदमे में हैं।

RO No. 13467/10