
कोरबा। वन परिक्षेत्र पसरखेत के ग्राम कोल्गा के देवगुड़ी चौरा में अग्नि सीजन में वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा हेतु अग्नि प्रबंधन एवं ग्रामीणों की सहभागिता के संबंध में विशेष जनजागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। अध्यक्ष वन प्रबंधन समिति कोल्गा नंदलाल राठिया की अध्यक्षता में दीपमाला प्रज्जवलित कर, ग्रामदेव की पूजा आराधना कर शुभारंभ किया गया ।
कार्यशाला में उपवनमण्डलाधिकारी दक्षिण कोरबा वन परिक्षेत्र अधिकारी पसरखेत, वन परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा, वन परिक्षेत्र अधिकारी करतला,टिकेश्वर सिंह राठिया समाज प्रमुख, जनपद सदस्य महेन्द्र राठिया, क्षेत्र क्रमांक 19, सरपंच कोल्गा संतराम राठिया, सरपंच प्रतिनिधि फुलसरी चमरासिंह कंवर, सरपंच सोलवां किशन सिंह राठिया, उपध्यक्षा श्रीमती सपना राठिया एवं ग्राम कोल्गा के ग्राम बैगा, मदनपुर शासकीय हाईस्कूल के छात्र-छात्रायें एवं शिक्षकवृन्द नोवा नेचर चेलफेयर सोसायटी के संस्थापक एम. सूरज, जितेन्द्र सारथी एवं उनकी पूरी टीम, विज्ञान सभा के दिनेश (वनस्पति विशेषज्ञ), वन परिक्षेत्र पसरखेत, कुदमुरा एवं करतला के अनुवभी फिल्ड स्टाफ की टीम साथ ही परिक्षेत्र अंतर्गत कार्यरत फायर वाचर्स एवं अन्य सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान अग्नि प्रबंधन एवं नियंत्रण विषय पर विस्तृत चर्चा-परिचर्चा एवं जंगलों की सुरक्षा पर स्थानीय जनमानस की सहभागिता सुनिश्चित करने प्रस्तुतीकरण किया गया। उपवन मण्डलाधिकारी दक्षिण कोरबा के द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्य को पारिभाषित करते हुये एवं आदिकाल से ऋषियों-मनिषियों के द्वारा वन सुरक्षा पर किये गये शोध एवं तथ्यपरक श्लोकों का सरल वर्णन करते हुये जनमानस को संबोधित किया गया। उपवनमण्डलाधिकारी दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी के द्वारा उपस्थित जनसमूह को वन संरक्षण/वन्य जीव संरक्षण के साथ अग्नि बचाव के लिये शपथ दिलाया गया।
















