परसदा, डोटमा सडक़ निर्माण की राशि के गबन के आरोप में घिरे जिम्मेदार

जांजगीर चांपा। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना अंतर्गत परसदा से डोटमा तक 3.25 किमी पक्की सडक़ का निर्माण होना है। इसके लिए हिल ब्रो मेटालिक्स एवं कंस्ट्रक्शन कंपनी रायगढ़ को यह ठेका दिया गया था, लेकिन करीब दो साल से निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है। ठेकेदार ने सडक़ पर कुछ भी कार्य नही किया है। गर्मी में सडक़ पर पानी नहीं डाले जाने से धूल और डस्ट से राहगीरों का इस रोड पर चल पाना मुश्किल हो गया है। लोगों को आने जाने में काफी परेशानियां उठानी पड़ रही है। लेकिन जिम्मेदारों को लोगों की परेशानी से कोई मतलब नही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार केवल सूचना बोर्ड लगाकर बीते वर्षों से गायब है। इसके बाद भी अधूरे निर्माण कार्य को लेकर जिम्मेदार अधिकारी के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है और जिम्मेदार अधिकारी के कार्यशैली पर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों द्वारा मार्ग में डामरीकरण व चौड़ीकरण करने के लिए लंबे समय से मांग करते आ रहे थे। अब जब सडक़ निर्माण की मंजूरी ठेकेदार हिल ब्रो मेटालिक्स कम्पनी को मिली है तो उसने केवल सूचना बोर्ड लगाकर निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ दिया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार एवं इंजीनियर एवं विभागीय अधिकारी इन सभी ने सडक़ निर्माण के राशि का गबन कर लिया है इसलिए निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। अब देखना होगा कि जिले के जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करते हैं या फिर अन्य मामलों की तरह इसे भी रद्दी की टोकरी में डाल दिया जाता है।

RO No. 13467/11