मुर्शिदाबाद हिंसा : राज्य सरकार नहीं मुहैया करा पा रही पुलिस, NIA ने कहा खुद की सुरक्षा में लाएंगे आरोपित

कोलकाता। एनआइए ने अदालत को बताया कि वह मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में पिछले महीने हुई हिंसा के आरोपितों को जेल से अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ कोलकाता लाना चाहती है। अदालत में आरोप लगाया कि आरोपितों को सुरक्षाकर्मियों के साथ कोलकाता लाने में पुलिस आनाकानी कर रही है। जांच के लिए आरोपितों को हिरासत में लेना जरूरी है। वहीं राज्य पुलिस ने अदालत को बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था से जुड़े कई कार्यों के कारण सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी नहीं हैं। सुनवाई के दौरान एनआइए ने कहा कि उसे अभी तक मामले की केस डायरी नहीं मिली है।

बता दें कि पड़ोसी राज्यों बिहार व झारखंड में प्रवासी श्रमिकों पर कथित हमलों के खिलाफ गत 16 जनवरी को मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में दो दिनों तक हिंसा हुई थी। इस हिंसा में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ करने के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-12 को अवरुद्ध कर दिया था।

बेलडांगा हिंसा के आरोपितों को गुरुवार को तीसरी बार अदालत में पेश होने का आदेश दिया गया था। लेकिन पिछली दो सुनवाईयों की तरह आरोपितों को पेश नहीं किया जा सका। एनआइए ने अदालत को बताया कि जांच में कोई प्रगति नहीं हो रही है।

RO No. 13467/11