अयोध्या में फर्जी एसटीएफ अधिकारी गिरफ्तार कोलकाता के व्यापारी के साथ की थी 4 लाख की ठगी

अयोध्या , २० फरवरी ।
जमीन दिलाने के नाम पर साझेदारों की ओर से ठगे गए कोलकाता के एक व्यापारी को रुपये वापस दिलाने को लेकर फर्जी एसटीएफ अधिकारी ने भी ठग लिया। व्यापारी के शासन और प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत करने के बाद मामले की जांच हुई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने फर्जी एसटीएफ अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए फर्जी अधिकारी का नाम अजय सिंह है, जो सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर, अलीपुर उमरी का रहने वाला है। कोलकाता के आर-1021-ए, जोगी वाई निवासी व्यवसायी राकेश जायसवाल, अयोध्या में श्री प्रसादम नामक प्रतिष्ठान का संचालन करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके साझेदार सूर्यांश चतुर्वेदी और अनुराग द्विवेदी ने मिलकर जमीन दिलाने के नाम पर उनसे करीब 17 लाख रुपये ठग लिए हैं। इसी रुपये को वापस दिलाने के लिए फर्जी एसटीएफ अधिकारी अजय सिंह ने चार लाख रुपये लिए थे। उनके साझेदारों ने भी रुपये वापस नहीं किया और अजय सिंह ने भी रुपये हड़प लिया। व्यापारी के साझेदारों में अनुराग की मौत हो चुकी है। कोतवाल अयोध्या पंकज सिंह ने बताया कि फर्जी एसटीएफ अधिकारी बनकर ठगी करने वाले आरोपित अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।उसके पास से एसटीएफ की फर्जी आईडी भी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

RO No. 13467/11