12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले दिन हुआ भूगोल और भौतिकी से सामना

21 से शुरू होगी हाईस्कूल परीक्षा
कोरबा। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा शुरू हो गई है। हायर सेकेंडरी 12वीं की परीक्षा के पहले दिन परीक्षार्थियों का सामना भूगोल और भौतिकी से हुआ। जबकि हाईस्कूल 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होगी। जिले में विद्यार्थियों के लिए कुल 98 केंद्रों की व्यवस्था की गई है। यह संख्या वर्ष 2025 के मुकाबले दो ज्यादा है। प्रशासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने परीक्षाओं को संपन्न कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की है। नकल रोकने का प्रबंध भी इसमें शामिल है।
कोरबा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर दोनों परीक्षाओं के लिए पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 22 हजार 987 है। बारहवीं में 9 हजार से अधिक छात्रों का पंजीकरण हुआ है। इनमें कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के छात्र शामिल हैं। बोर्ड की व्यवस्था के अंतर्गत कला संकाय से आज भूगोल और विज्ञान से भौतिकी के पर्चे परीक्षार्थियों को हल करने दिए गए। कुल तीन घंटे का समय परीक्षा के लिए अधिसूचित किया गया है। यह अवधि प्रश्नपत्र वितरण, अवलोकन और हल करने की रखी गई है। आज सुबह से ही परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों की पहुंच सुनिश्चित हुई। दूरदराज से वास्ता रखने वाले छात्र जो कोरबा स्थित केंद्र के लिए पंजीकृत हुए उन्होंने काफी समय पहले अपनी पहुंच यहां तक बनाई। 9.15 बजे परीक्षा प्रारंभ हुई और 12.15 बजे अंतिम रूप से परीक्षार्थियों से उत्तर पुस्तिकाएं वापस ले ली गई। परीक्षा अवधि में ऑब्जर्वर की टीम अलग-अलग कक्षों में भ्रमण करने के साथ व्यवस्था पर नजर रखे रही, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाईश न हो। संवेदनशील केंद्रों में इक्का-दुक्का पुलिस कर्मी तैनात किए गए। बताया गया कि 21 फरवरी को 10वीं की परीक्षा प्रारंभ होगी जिसके लिए 13 हजार छात्र पंजीकृत हैं। इस दिन प्रथम भाषा हिन्दी के साथ परीक्षार्थी अपना संबंध जोड़ते नजर आएंगे। माना जा रहा है कि हाईस्कूल परीक्षार्थियों के मामले में वातावरण को सहज करने के लिए इस तरह की कोशिश माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से की गई है। इस परीक्षा के लिए भी कोरबा जिले के अंतर्गत 98 केंद्र तय किए गए हैं। दोनों ही परीक्षाएं 18 मार्च को समाप्त होंगी। बोर्ड ने पूरी परीक्षा अवधि में शेड्यूल इस तरह का बनाया है ताकि कठिन विषयों के लिए बेहतर तैयारी करने हेतु छात्रों को पर्याप्त समय मिल सके और वे इसके हिसाब से तैयारी भी कर सके।
उडऩदस्तों को दी गई जिम्मेदारी
कलेक्टर के निर्देश पर बोर्ड परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर शिक्षा विभाग के द्वारा सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले ही कर ली गई है। इस अनुक्रम में परीक्षा केंद्रों में आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। अनुचित साधनों के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए पहले ही प्रचार-प्रसार किया जा चुका है। परीक्षार्थियों से कहा गया कि वे एक वर्ष तक हुई पढ़ाई पर भरोसा रखें और इसके हिसाब से प्रदर्शन करें। दूसरी ओर पर्याप्त संख्या में उडऩदस्तों का गठन भी किया गया और उन्हें हर परीक्षा दिवस को औचक निरीक्षण करने को कहा गया।
9वीं और 11वीं की परीक्षा 2 मार्च से
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने घरेलू परीक्षाओं की समय सारिणी भी घोषित कर दी है। इसके अंतर्गत 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं 2 मार्च से शुरू हो रही है। इसके अंतर्गत पहले दिन 9वीं के लिए गणित और 11वीं के लिए भूगोल, भौतिक, एकाउंट, कृषि की परीक्षा होगी। 7 मार्च को दोनों ही कक्षाओं के लिए अंग्रेजी का विषय रखा गया है। 9 मार्च को 9वीं के लिए हिंदी और 11वीं के लिए राजनीति, रसायन, बिजनेस मैनेजमेंट, फसल उत्पादन की परीक्षा होगी। 11 मार्च को दोनों कक्षाओं के लिए व्यवसायिक विषय और 9वीं के वैकल्पिक रूप से संस्कृत को शामिल किया गया है। 13 मार्च को 9वीं के छात्र सामाजिक विज्ञान की परीक्षा देंगे। इसी दिन 11वीं के लिए गणित, समाज शास्त्र, इतिहास की परीक्षा होगी। 14 मार्च को 11वीं के लिए जीवविज्ञान, अर्थशास्त्र और पशुपालन की परीक्षा होगी। 16 मार्च को 9वीं के लिए विज्ञान और 11वीं के लिए हिंदी का पर्चा होगा।

RO No. 13467/11