एसईसीएल प्रबंधन ने तोड़ा चीरघर को खुले में करना पड़ा मृतक का पोस्टमार्टम

कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र में हुए सडक़ हादसे में एक रिटायर्ड कोल कर्मी की दुखद मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक के शव का मर्ग पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिलाईबाजार के उमेन्दीभांठा भेजा, जहां विडंबना यह रही कि पोस्टमार्टम भवन के बजाए खुले आसमान के नीचे करना पड़ा। ग्रामीणों ने इसके पीछे पोस्टमार्टम भवन को एसईसीएल प्रबंधन द्वारा तोडक़र गड्ढा खोदे जाने का आरोप लगाया है। विकास नगर कुसमुंडा निवासी रिटायर्ड एसईसीएल कर्मी अरूण कुमार की बीते बुधवार को कोरबा कुसमुंडा मार्ग अंतर्गत ग्राम खम्हरिया मोड के पास ट्रेलर की चपेट में आने से निधन हो गया था। पोस्टमार्टम के लिए शव को भिलाईबाजार के उमेन्दीभांठा चीरघर लाया गया था। ग्रामीणों व परिजनों ने बताया कि जब वे वहां पहुंचे तो चीरघर ही गायब मिला। उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन पर बिना पंचायत व स्वास्थ्य विभाग को सूचना दिए पोस्टमार्टम भवन को तोडक़र खदान विस्तार के लिए गड्ढा खोदे जाने का आरोप लगाया है। जिसकी वजह से सुबह लगभग 11 बजे शव का खुले आसमान के नीचे पोस्टमार्टम करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भिलाई बाजार का ग्राम उमेन्दीभांठा में पोस्टमार्टम भवन स्थित था, जिसे तोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि कुसमुंडा, गेवरा बस्ती सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोग उक्त भवन पर आश्रित हैं। भवन नहीं होने के कारण अब शव का पोस्टमार्टम कार्य नहीं हो पाएगा। परेशानी को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों से मोबाइल पर चर्चा का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों का फोन रिसीव नहीं हुआ। जिसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

RO No. 13467/11