
मैदुगुरी। नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी जमफारा राज्य के एक गांव पर सशस्त्र लोगों के हमले में लगभग 50 लोग मारे गए और कई महिलाओं और बच्चों का अपहरण कर लिया गया। यह जानकारी राज्य के एक संसद सदस्य ने शुक्रवार को दी। बुक्कुयुम दक्षिण का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद हमीसु ए फारू ने बताया कि हमलावरों ने तुंगन दुत्से गांव पर धावा बोला। गुरुवार से शुक्रवार सुबह लगभग 3:30 बजे तक उन्होंने इमारतें जला दीं और भागने की कोशिश कर रहे लोगों पर गोलियां चलाईं।
स्थानीय नेता और स्थानीय सरकारी अधिकारी अभी भी लापता लोगों का पता लगा रहे हैं। तुंगन दुत्से के रहने वाले 41 वर्षीय अब्दुल्लाही सानी ने बताया कि हमले में उनके परिवार के तीन सदस्य मारे गए।
उन्होंने कहा कि इस घटना से हम सब बहुत दुखी हैं। लगभग 150 से अधिक मोटरसाइकिलों पर हथियारबंद लोगों को देखने के बाद लोगों ने सुरक्षा बलों और स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया था। लेकिन उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया गया। नाइजीरिया में अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। सरकार पर शांति कायम रखेन का गंभीर दबाव है।

































