
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर शनिवार रात गोलियों की आवाज से दहल उठा। बिड़ला ‘अ’ छात्रावास के मुख्य द्वार पर बाइक सवार हमलावरों ने बीए तृतीय वर्ष के छात्र रौशन मिश्रा और उसके साथी विशाल कुमार पर फायरिंग कर दी। हमले में दोनों छात्र बाल-बाल बच गए। इस घटना से गुस्साए छात्रों ने बिड़ला चौराहे पर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए हमलावरों के गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। उधर, रोशन मिश्रा ने कानूनी कार्रवाई के लिए तीनों हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना का पता चलते ही एडीसीपी वैभव बांगर व एसीपी गौरव कुमार भारी फोर्स के साथ परिसर पहुंच गए।
देर रात तक बीएचयू के सुरक्षाकर्मी (प्रॉक्टोरियल बोर्ड) भी तैनात थे। घटना रात करीब 9:30 बजे की है। बिड़ला ‘अ’ के रौशन मिश्रा और विशाल छात्रावास के गेट पर खड़े थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बिहार के सासाराम निवासी पीयूष कुमार तिवारी, ऋषभ और तपस ने जान से मारने की नीयत से दो गोलियां चलाईं।


























