
मनेन्द्रगढ़। वार्ड क्रमांक 15 स्थित शासकीय राशन दुकान में राज्य शासन की पहल ‘चावल तिहार’ के तहत जनसंपर्क और निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 22 और 15 के नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही जहां लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर राशन वितरण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानी साथ ही राशन दुकान की बिक्री पंजी, स्टॉक रजिस्टर और वितरण प्रणाली का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य पात्र परिवारों को समय पर सही मात्रा में और पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराना रहा। दुकान संचालक को शासन के निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने नियमित वितरण, तौल की शुद्धता और निर्धारित समय पर दुकान संचालन को लेकर अपनी अपेक्षाएं व्यक्त कीं। जनप्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जायेगा और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से पहुंचाया जायेगा। इस मौके पर वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा और वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद किरण कुजूर विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि चावल तिहार केवल वितरण कार्यक्रम नहीं बल्कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है जिसकी लगातार निगरानी की जायेगी।























