
अकलतरा। गांजा तस्करी करते दो तस्कर 5 किलो से अधिक गांजा के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गए। रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने दोनों को पकड़ा। क्षेत्र में खपाने के लिए उड़ीसा से गांजा लाया गया था। जब्त गांजा की कीमत 2 लाख 58 हजार रुपए बताई जा रही है।अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 5 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन अकलतरा के पास दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर थाना अकलतरा पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई तथा रेलवे सुरक्षा बल से भी संपर्क कर संयुक्त रूप से घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 5.161 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 58 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर क्षेत्र में खपाने की फिराक में थे।मुख्य आरोपी अभिषेक सूर्यवंशी 21 वर्ष निवासी ग्राम सारागांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना अकलतरा से निरीक्षक भास्कर शर्मा, एसआई बी.एल. कोसरिया, गौकरण राय, गुलशन लकड़ा, बसंत साहू तथा रेलवे सुरक्षा बल मंडल टास्क टीम बिलासपुर के प्रधान आरक्षक आर.पी. द्विवेदी, सत्यम सरकार एवं रणवीर का योगदान रहा।
बम्हनीडीह में भी पकड़ाया गुंडा बदमाश
होली त्योहार की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने गुंडा बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी निगरानी अभियान के तहत बम्हनीडीह क्षेत्र में पुलिस ने एक गुंडा बदमाश रजत उर्फ गोलू दीवान को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बम्हनीडीह- बिर्रा मेन रोड चारपारा रोड में रेड कार्यवाही कर पुलिस ने बम्हनीडीह निवासी 31 वर्षीयरजत दीवान उर्फ गोलू को घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से 4.774 किलो ग्राम गांजा जब्त किया गया। जब्त गांजा की कीमत 2 लाख 40 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी के विरुद्ध एन डी पी एस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।






















