
जांजगीर-चांपा। चोरी की बिजली से घर रोशन करने वाले 6 लोगों के खिलाफ विद्युत मंडल ने कार्रवाई की है। स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर उपभोक्ताओं द्वारा बिजली की चोरी की जा रही थी। अब सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
बिजली चोरी पर लगाम कसने विद्युत मंडल द्वारा अभियान छेड़ दिया गया है। विद्युत विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजली विभाग ने सारागांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा। यह अभियान विभाग के एस ई अमर चौधरी एवं ई ई अजय भारद्वाज के निर्देश पर चलाया गया। बिजली विभाग के ए ई
अंकित सोनी ने बताया कि विभागीय टीम द्वारा की गई जांच में सामने आया कि संबंधित उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से पहले सर्विस वायर को काटकर सीधे बिजली आपूर्ति ले रहे थे। इस अवैध कनेक्शन के माध्यम से लंबे समय से बिजली चोरी की जा रही थी, जिससे विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा था। कार्रवाई के दौरान सभी 6 उपभोक्ताओं के खिलाफपंचनामा तैयार कर लिया गया है। विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ थाना सारागांव में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बिजली विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिजली चोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इसी प्रकार की सघन जांच व कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।






















