
कोरबा। दीपका में कोयला क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ। लंबे अरसे तक एटक यूनियन का हिस्सा रहे प्रमुख पदाधिकारियों सहित 75 कामगारों ने सामूहिक रूप से हिंद मजदूर सभा एचएमएस की सदस्यता ग्रहण कर ली। सामूहिक निर्णय में एटक दीपका एरिया अध्यक्ष जीत सिंह, यूनिट अध्यक्ष मनमीत सिंह तथा सेफ्टी मेंबर राम नारायण राजवाड़े प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस बदलाव में एचएमएस के यूनिट जेसीसी सदस्य राजकुमार राठौर की रणनीतिक और कारगर भूमिका भी बताई जा रही है। प्रगति नगर स्थित स्नेह मिलन भवन में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कोयला मजदूर सभा के जयघोष के साथ एटक से जुड़े पदाधिकारी और श्रमिक एचएमएस में शामिल हुए। कोयला मजदूर सभा एचएमएस के नेताओं ने सभी नए सदस्यों का अंगवस्त्र एवं फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और संगठन की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर गेवरा और दीपका गेवरा क्षेत्र के बड़ी संख्या में एचएमएस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। संचालन वेलफेयर मेंबर एसडी तिवारी ने किया। श्रमिक क्षेत्र के जानकार कहते हैं कि आने वाले दिनों में होने वाले सदस्यता सत्यापन में भी इसका असर देखा जा सकता है।























