
कोरबा। स्वच्छता को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा काम हो रहा है। अब कोरबा जिले के कटघोरा में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय प्रशासन ने अन्य अधिकारियों व aआम लोगों के साथ मिलकर काम शुरू किया। बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई की गई निर्णय लिया गया कि अब आगे से हर रविवार को इस तरह का काम स्वच्छता के लिए किया जाएगा ।
अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, प्रशिक्षु आईएएस एवं सीएमओ क्षितिज गुरभेले, स्थानीय पार्षदों के साथ-साथ स्वच्छता दीदियों और नगर पालिका के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।अभियान के दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। बस स्टैंड क्षेत्र के दुकानदारों को समझाइश दी गई कि वे अपने दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित नीले और हरे डस्टबिन में ही एकत्र करें तथा उसे नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही डाले। नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशिक्षु आईएएस एवं सीएमओ क्षितिज गुरभेले ने बताया कि अब नगर में हर रविवार अलग-अलग स्थानों पर इसी तरह स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को न केवल सफाई बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। स्वच्छता के इस बड़े अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी नगर के कुछ जनप्रतिनिधि मीडिया कर्मी और आम नागरिक सहभागी बने।























