
कोरबा। कोयला क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में एक बड़ा बदलाव सामने आया है। एटक से जुड़े 70-75 सदस्यों और पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस सामूहिक निर्णय में एटक दीपका के एरिया अध्यक्ष जीत सिंह, यूनिट अध्यक्ष मनमीत सिंह तथा सेफ्टी मेंबर राम नारायण राजवाड़े प्रमुख रूप से शामिल रहे। बताया जा रहा है कि इस बदलाव में एचएमएस के यूनिट जेसीसी राजकुमार राठौर की रणनीति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रगति नगर स्थित स्नेह मिलन भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एटक से जुड़े पदाधिकारियों ने कोयला मजदूर सभा के जयघोष के साथ एचएमएस का दामन थामा। कार्यक्रम में एचएमएस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।एचएमएस मजदूर हित में प्रतिबद्ध: रेशम लाल यादव
कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) के वरिष्ठ श्रमिक नेता एवं स्टीयरिंग कमेटी सदस्य रेशम लाल यादव ने तरुण राहा के साथ सभी नए सदस्यों को अंगवस्त्र और फूलमाला पहनाकर संगठन की सदस्यता दिलाई।
रेशम लाल यादव ने अपने संबोधन में कहा कि एचएमएस हमेशा मजदूरों के अधिकार, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि श्रमिक समस्याओं के समाधान में एचएमएस अन्य यूनियनों से आगे रहा है। मजदूरों की एकजुटता ही ताकत: तरुण राहा एचएमएस के महामंत्री तरुण राहा ने कहा कि मजदूरों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने संगठन की नीतियों को श्रमिक हितैषी बताते हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत किया।
वहीं एटक छोड़कर एचएमएस में शामिल हुए जीत सिंह ने कहा कि मजदूरों के व्यापक हित और उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने साथियों के साथ यह निर्णय लिया है। उनका कहना था कि एचएमएस के माध्यम से श्रमिकों की आवाज को और अधिक मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन वेलफेयर मेंबर एस.डी. तिवारी ने किया। सदस्यता ग्रहण करने के बाद श्रमिक नेताओं ने ‘जिंदाबाद’ के नारों के साथ संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

























