
कोलकाता। बंगाल के न्यायिक गलियारों में मंगलवार को उस समय हडक़ंप मच गया जब कोलकाता समेत राज्य के जिलों की छह अदालतों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। अज्ञात प्रेषक द्वारा भेजे गए संदेश में दावा किया गया था कि अदालत परिसरों में आरडीएक्स रखा गया है और दोपहर तक सब कुछ उड़ा दिया जाएगा।इस धमकी के बाद कोलकाता स्थित नगर सत्र न्यायालय, बैंकशाल कोर्ट, आसनसोल कोर्ट, दुर्गापुर कोर्ट, हुगली जिले के चुंचुड़ा कोर्ट और मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर कोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते ने मोर्चा संभालते हुए संबंधित परिसरों को खाली कराया और डाग स्क्वाड की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू किया। काफी देर तक चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई लेकिन अंत में कुछ नहीं निकला। मुख्य सचिव मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान न्यायाधीशों और आम जनता की सुरक्षा का पूरा आश्वासन देते हुए कहा कि न्यायिक कार्य और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगे न्यायाधीशों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाएगी।




















