
कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बचरापोड़ी पुलिस चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है और आमजन के बीच भी घटना को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क कर आरोप लगाया था कि चौकी प्रभारी द्वारा एक प्रकरण में अनुकूल कार्रवाई करने के एवज में 25 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने प्रारंभिक सत्यापन किया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। निर्धारित योजना के अनुसार, जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार की,एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक साक्ष्य भी संकलित किए गए, ताकि मामले को न्यायालय में मजबूती से प्रस्तुत किया जा सके। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। साथ ही उसके निवास एवं अन्य संबंधित स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई भी की जा रही है। इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि कानून के रक्षक ही नियमों का उल्लंघन करें तो व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होता है। वहीं कई लोगों ने एसीबी की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में सख्त संदेश बताया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




















