
कोरबा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम’ (आरडीएसएस) के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर बिजली विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। कोरबा जिले में योजना की मॉनिटरिंग में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता (ईई) जितेंद्र कुमार सिंह (परियोजना) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।विभागीय मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 110 करोड़ रुपये की इस वृहद परियोजना में तकनीकी मानकों की जमकर अनदेखी की गई। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, कई स्थानों पर बिजली के खंभे झुके हुए पाए, एरियल बंच केबल बिछाने और जोडऩे की प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया गया, विभाग की मॉनिटरिंग रिपोर्ट और जमीनी हकीकत में भारी विसंगति मिली। केबल काटने और इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया में भी लापरवाही उजागर हुई।निलंबन की अवधि के दौरान जितेंद्र कुमार सिंह का मुख्यालय अंबिकापुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल प्रारंभिक कार्रवाई है; विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर अन्य संबंधितों पर भी गाज गिर सकती है।




















