
प्रयागराज। जिले में एक बार फिर लव जिहाद का मामला सामने आया है। सराइनायत थाना क्षेत्र में नाम बदलकर एक युवक ने अनूसूचित जाति की लडक़ी से दोस्ती की। चाकू के बल पर उसका अपहरण किया और फिर होटल में ले जाकर दुष्कर्म भी किया।बुधवार शाम युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपित सरफराज अंसारी को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि सरायइनायत थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 23 वर्षीय अनुसूचित जाति की युवती ने आठवीं तक की पढ़ाई की है। उसके पिता का निधन हो चुका है। भाई उसकी परवरिश करता है। युवती इंस्टाग्राम की यूजर है। आरोप है कि करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर अभिषेक नाम से बनी आईडी से उसके पास रिक्वेस्ट आई। युवती ने उसे स्वीकार कर लिया तो चैटिंग होने लगी। इस बीच दोनों ने एक-दूसरे को अपना मोबाइल नंबर दिया तो धीरे-धीरे बातचीत होने लगी। युवती इंस्टाग्राम वाले दोस्त को अभिषेक समझकर बात करती रही। यह भी आरोप है कि सराइयनायत थाना क्षेत्र के चैनपुर तेंदुई गांव निवासी अभिषेक उर्फ सरफराज मंगलवार रात बाइक से आया और युवती को साथ चलने के लिए कहा।युवती ने मना किया तो चाकू के बल पर उसे अगवा कर लिया और फिर एक होटल में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान होटल कर्मचारी ने दोनों के पहचान पत्र देखे तो अलग-अलग धर्म के निकले, तब उसने पुलिस को खबर दी। थोड़ी देर में पुलिस वहां पहुंची और युवक व युवती को पकडक़र थाने ले आई। पूछताछ में सच्चाई सामने आई तो युवती भी अवाक रह गई। उसे नहीं पता था कि अभिषेक का असली नाम सरफराज अंसारी है। फिलहाल बुधवार शाम युवती के भाई ने पुलिस को तहरीर देते हुए चाकू के बल पर अपहरण करने, दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष सरायइनायत संजय गुप्ता का कहना है कि इंस्टाग्राम पर नाम बदलकर आरोपित ने दोस्ती की थी। मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।
आरोपित पोल्ट्री फार्म की गाड़ी चलाता है।






















