155 साल का इंतजार खत्म: कोलकाता बंदरगाह ने पहली बार रात में जहाज चलाकर रचा इतिहास, व्यापार में होगी बढ़ोतरी

कोलकाता। श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदगाह प्रबंधन (एसएमपीए), कोलकाता ने गुरुवार को कहा कि उसने अपने 155 साल के इतिहास में पहली बार हुगली नदी की ऊपरी धारा में रात्रि के समय में सफलतापूर्वक पोत संचालन कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

अधिकारियों के अनुसार, इससे भविष्य में चौबीसों घंटे मालवाहक जहाजों की आवाजाही का रास्ता साफ होने के साथ आने-जाने का समय कम होने और बंदरगाह की समग्र उत्पादकता में सुधार होने की उम्मीद है।

ऊपरी धारा से तात्पर्य नदी के उस ऊपरी हिस्से से है जो अंतर्देशीय बंदरगाह के निकट होता है, और इस मामले में, यह डायमंड हार्बर और कोलकाता के बीच स्थित हुगली नदी का खंड है। कोलकाता बंदरगाह ने एक बयान में कहा कि उसके अनुभवी पायलटों ने 25 फरवरी की रात को अंधेरे में कोलकाता डाक सिस्टम (केडीएस) के संकरे चैनल से कंटेनर पोत सिनार पंगलाम सुसु को उसकी आंतरिक यात्रा के दौरान सुरक्षित रूप से संचालित किया।

RO No. 13467/11